‘यास’ अब कमजोर होकर झारखंड, बिहार की ओर बढ़ा

27-05-2021 15:20:52
By : Sanjeev Singh


चक्रवाती तूफान यास बुधवार शाम से कमजोर होकर ‘गहरे दबाव’ में तब्दील होकर अब झारखंड और बिहार की ओर बढ़ रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले छह घंटे के दौरान दक्षिण झारखंड एवं इससे सटे उत्तर सुदूर ओडिशा से सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह दक्षिण झारखंड और इसके आस-पास 22.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.5 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास जमशेदपुर से लगभग 70 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम और रांची से 70 किमी दक्षिण दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है।

‘यास’ के उत्तर की ओर लगातार बढ़ने और अगले छह घंटों के दौरान ‘दबाव’ के तहत कमजोर पड़ने की संभावना है। यह मौसम प्रणाली ओडिशा में सुंदरगढ़, देवगढ़ और क्योंझरगढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का कारण बना, जबकि झारखंड में गुरुवार को अधिकांश स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।

पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में गुरुवार की शाम से शुक्रवार की शाम तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है तथा अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अगले छह घंटों के दौरान दक्षिण झारखंड और ओडिशा और पश्चिम बंगाल के उत्तरी आंतरिक जिलों के आसपास के जिलों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और उसके बाद धीरे-धीरे कम हो जाएगी। इस दौरान मामूली क्षति की आशंका है।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play