पूर्वी तट से टकरा सकता है एक और तूफान

20-05-2021 10:27:21
By : Sanjeev Singh


चक्रवाती तूफान ताउ ते के तबाही मचाने के बाद एक और तूफान इसी महीने पूर्वी तटों से टकरा सकता है।

भारतीय मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक संकेतों के आधार पर 22 मई के आसपास उत्तरी अंडमान समुद्र एवं इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है तथा बाद के 72 घंटों के दौरान इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने और धीरे-धीरे तेज होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 26 मई की शाम तक पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा के तटों तक पहुंचने की संभावना है। यदि ऐसा होता तो पश्चिमी तट पर आए चक्रवाती तूफान के बाद इस साल देश में यह दूसरा तूफान होगा।

उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 21 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर आगे बढ़ने का अनुमान है, जिससे इस क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के मजबूत होने और गहराने की संभावना है।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play