पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्वि पर आज कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

11-06-2021 17:42:32
By : Sanjeev Singh


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को उत्तराखंड कांग्रेस ने राज्य के लगभग सभी स्थानों पर प्रदर्शन किया। देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष ने रस्सी से जीप को बांधकर और कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर लेकर गैस एजेंसियों और पेट्रोल पम्पों पर धरना देकर प्रदर्शन किया।

अध्यक्ष प्रीतम सिंह के निर्देश पर प्रदेश की सभी 70 विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए। देहरादून में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कैंट विधानसभा क्षेत्र में अनूठा प्रदर्शन हुआ। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने प्रदर्शन में धस्माना के साथ रस्सियों से जीप को खींच कर अपना विरोध प्रदर्शित किया।

पत्रकारों से बातचीत में प्रीतम ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल में जिस प्रकार से लगातार कीमतें बढ़ रही हैं, यह सीधे-सीधे जनता की जेब में डकैती है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच महीनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 43 बार बढ़ोतरी हुई है जिसके कारण आज पेट्रोल 100 रुपये और डीजल 90 रुपये प्रति लीटर पार हो चुका है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल ही नहीं, मोदी सरकार में सरसों का तेल एवं रिफाइंड भी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के कार्यकाल से तीन गुना अधिक दाम पर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब महंगाई बर्दाशत के बाहर हो गयी है और जनता सड़कों पर आने के लिए तैयार है।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि इस कोरोना काल में प्रधानमंत्री के 'आपदा में अवसर' नारे के अनुसार, केंद्र सरकार ने लूट का दायरा इतना बड़ा दिया कि अब लोगों को अपने घर खड़ी गाड़ियों को घोड़े-खच्चर से या खुद रस्सियों से खींच कर चलाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश की जनता जो कोरोना से बुरी तरह पीड़ित है और इस समय सरकार से राहत की अपेक्षा कर रही है तो उल्टा मोदी सरकार जनता की जेब पर डकैती डालने का काम कर रही है। धस्माना ने कहा कि अब जनता इस सरकार को व भाजपा को बख्शने वाली नहीं है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश महामंत्री (संगठन) विजय सारस्वत, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, गरिमा दसोनी, महेश जोशी, जसविंद्र सिंह गोगी, विकास नेगी, मंजू त्रिपाठी, पार्षद सुमित्रा ध्यानी, कोमल वोरा, संगीता,गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता एवम अल्ताफ, युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष गौतम सोनकर, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशीला बेलवाल शर्मा, धर्म सोनकर, प्रताप असवाल, कुलदीप जखमोला, अनिल डोबरियाल,सरोज भाटिया,ज्योति चौधरी, संगीता सासन आदि उपस्थित रहे।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play