प्रशासन से इजाजत नहीं मिलने के बावजूद तेजस्वी गांधी मूर्ति के सामने धरना पर बैठे

05-12-2020 17:16:54
By : Sanjeev Singh


नए कृषि सुधार क़ानूनों के विरोध में दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में पटना गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन की प्रशासन से इजाज़त नहीं मिलने के बावजूद नेता प्रति पक्ष तेजस्वी यादव ने विपक्ष के नेताओं के साथ धरना दिया।


धरना की पहले से अनुमति नहीं लिए जाने के कारण प्रशासन ने जब इजाज़त नहीं दी तब यादव ने शनिवार को ट्वीट कर चुनौती देते हुए कहा, “गोडसे को पूजने वाले लोग पटना पधारे हैं। उनके स्वागत में मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति को कैद कर लिया ताकि गांधी को मानने वाले लोग किसानों के समर्थन में गांधी जी के समक्ष संकल्प ना ले सके। नीतिश जी, वहां पहुंच रहा हूं। रोक सको तो रोक लीजिए।” इसके बाद यादव राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ गांधी मैदान पहुंच गए और गांधी मैदान के गेट नंबर चार के बाहर धरना पर बैठ गए तथा नारेबाज़ी करने लगे। आखिरकार प्रशासन ने गांधी मैदान का छोटा गेट खोल दिया। इसके बाद तेजस्‍वी यादव अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गांधी मूर्ति के पास पहुंचे और किसानों की लड़ाई लड़ने के लिए अपना संकल्प‍ पत्र पढ़ा।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play