मशहूर संगीतकार श्रवण राठौड़ का निधन

23-04-2021 12:58:29
By : Sanjeev Singh


बॉलीवुड के लोकप्रिय संगीत निदेशक श्रवण राठौड़ का कोरोना से गुरुवार को निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे।

उनके निधन से संगीत की दुनिया की मशहूर ‘नदीम-श्रवण’ की जोड़ी टूट गई।उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद श्रवण को मुंबई के एसएल रहेजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी। आज शाम उनका निधन हो गया। रिपोर्टों के अनुसार उनके बेटे संजय राठौड़ ने सोशल मीडिया पर पिता के निधन की खबर दी।

नब्बे के दशक में नदीम-श्रवण की जोड़ी सर्वाधिक लोकप्रिय संगीतकारों की जोड़ियों में से एक थी। उनके गाने आज भी संगीत प्रेमियों की जुबान पर हैं।आशिकी ,साजन ,परदेश और राजा हिन्दुस्तानी फिल्मों के उनके गाने रिकॉर्ड हिट हुए थे। यह जोड़ी वर्ष 2000 में अलग हो गयी थी लेकिन वे फिर 2009 में एक साथ आ गये। उन्होंने डेविड धवन की फिल्म ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ में एक साथ काम किया।

नदीम ने श्रणव के शीघ्र स्वस्थ होने को लेकर सोशल मीडिया पर मार्मिक पोस्ट डाली थी।

फिल्म निर्देशक अनिल शर्मा ने श्रवण के निधन पर गहरा शोक जाहिर किया है। उन्होंने ट्वीट करके अपने शोक संदेश में कहा,"बहुत-बहुत दुखद।मुझे अभी पता चला कि कोविड के कारण महान म्यूजिक डायरेक्टर श्रवण हम सबको छोड़ कर चले गए। वह मेरे बहुत प्रिय दोस्त और सहकर्मी थे। मैंने उनके साथ महाराज में काम किया, उन्होंने हमेशा बेमिशाल धुनें दीं। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। वे हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।"



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play