पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर बने गुजरात कांग्रेस के नए अध्यक्ष

03-12-2021 16:51:43
By : Sanjeev Singh


पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर को गुजरात में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

मूल रूप से गुजरात के बनासकांठा जिले के कांकरेज तालुका के चांगा गांव निवासी 64 वर्षीय ठाकोर ने अमित चावड़ा का स्थान लिया है। दोनों अन्य पिछड़ी जाति (ओबीसी) समुदाय से आते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के सी वेणुगोपाल के हवाले से आज जारी कांग्रेस की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार ठाकोर की तत्काल प्रभाव से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

एक बार लोकसभा सांसद (पाटन सीट, 2009-14) और दो बार विधायक (दहेगाम क्षेत्र 2002-07, 2007-09) रहे ठाकोर अब तक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष थे।

ठाकोर की नियुक्ति अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले की गयी है। सत्तारूढ़ भाजपा ने जहां भूपेन्द्र पटेल को हाल में नया मुख्यमंत्री बनाकर राज्य में पाटीदार कार्ड खेलने की कोशिश की है, वहीं कांग्रेस ने राज्य की कुल करीब 40 फ़ीसदी ओबीसी आबादी में कोली समुदाय के बाद दूसरे नम्बर पर आने वाले ठाकोर जाति का अध्यक्ष बना कर एक अलग जातीय संतुलन साधने की कोशिश की है। इसने पाटीदार आरक्षण आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे युवा नेता हार्दिक पटेल को पहले से ही कार्यकारी अध्यक्ष बना रखा है। ठाकोर राज्य में कांग्रेस का पारम्परिक गढ़ माने जाने वाले उत्तर गुजरात क्षेत्र के रहने वाले हैं।

राज्य में कुल आबादी का क़रीब 13 प्रतिशत होने के बावजूद सम्पन्नता और रसूख के चलते पाटीदार समुदाय राजनीतिक रूप से दबंग माना जाता है। इसे दो दशक से अधिक समय से सत्तारूढ़ भाजपा का पारम्परिक समर्थक माना जाता है।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play