कांग्रेस की सरकार बनी तो 40 प्रतिशत रोजगार महिलाओं को मिलेेंगे : प्रियंका

08-12-2021 14:45:28
By : Ravinder Kumar


कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये पार्टी का पहला महिला घोषणापत्र जारी करते हुये बुधवार को कहा कि महिलाओं की राजनीति में आधी भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही कांग्रेस की सरकार बनने पर रोजगार में भी महिलाओं को 40 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा।

वाड्रा ने दावा किया कि भारतीय राजनीति के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी राजनीतिक दल ने अलग से महिला घोषणापत्र जारी किया हो। उन्होंने उत्तर प्रदेश से इसकी शुरुआत होने को बेहतर संकेत बताते हुये कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम भी मिलना शुरु हाे गये हैं।

वाड्रा ने कहा कि आगामी चुनाव में महिलाओं को कांग्रेस के 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने की घोषणा के फलस्वरूप अभी तक टिकट की महिला दावेदारों की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि अब तक 100 सीटों पर पार्टी ने उम्मीदवार तय कर लिये हैं। इनमें 60 महिलायें ओर 40 पुरुष हैं।

आगामी चुनाव के लिये कांग्रेस की प्रभारी वाड्रा ने कहा कि पार्टी की इस पहल से निश्चित रूप से दूसरे राजनीतिक दलों पर भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का दबाव पड़ेगा। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को व्यवहारिक जरूरत बताते हुये उन्होंने कहा “दृढ़निश्चय, करुणा, दया, साहस ये महिलाओं के गुण होते हैं, हम चाहते हैं ये गुण राजनीति में भी हों।

ये सिर्फ चुनाव के समय औपचारिकता न रहें। इसीलिए हमने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट दिये।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को पहली महिला प्रधानमंत्री दी, उत्तर प्रदेश में पहली महिला मुख्यमंत्री कांग्रेस की थी और पंचायतीराज में भी इसकी शुरुआत कांग्रेस ने ही की। 

वाड्रा ने कहा कि महिला घोषणा पत्र को छह विभिन्न श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें पहली श्रेणी स्वालम्बन है। इसके तहत कांग्रेस की सरकार बनने पर दी जाने वाली 20 लाख नौकरियों में 40 प्रतिशत अर्थात आठ लाख नौकरियां महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। अभी देश में कामकाजी महिलाओं की भागीदारी मात्र 9.4 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 50 प्रतिशत रोजगार देने वाले उद्यमों को कर में छूट भी देने का वादा किया है। साथ ही मनरेगा में महिलाओं की भागीदारी 40 प्रतिशत की जायेगी। वहीं 40 प्रतिशत राशन की दुकानों का आवंटन एवं संचालन महिलाओं को दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में वीरांगनाओं के नाम पर 75 दक्षता विद्यालय खोले जायेंगे और 12वीं पास छात्राओं को स्मार्ट फोन और स्कूटी दी जायेगी।

वाड्रा ने भाजपा की माेदी और योगी सरकार पर आराेप लगाया महिला सशक्तिकरण के नाम पर सिर्फ सरकारी कोष का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने कहा “केन्द्र सरकार की ‘बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ’ अभियान का 60 प्रतिशत व्यय विज्ञापनों पर हुआ है। सभी राजनीतिक दल ये जानते हैं कि यदि देश की सभी महिलाएं एक हो गयी तो देश की दिशा बदल सकती हैं।”

उन्होंने कहा कि घोषणापत्र में विधवा और बुजुर्ग महिलाओं को 1000 रुपये मासिक पेंशन देने के अलावा गांवों में महिला चौपाल बनाने, परिवार में पैदा होने वाली बेटी के लिए सावधि जमा (एफडी) करवाने का वादा किया गया है।

वाड्रा ने कहा कि घोषणापत्र के दूसरे खंड में ‘सुरक्षा’ को शामिल किया गया है। इसके तहत पुलिस भर्ती में 25 प्रतिशत महिलाओं का आरक्षण सुनिश्चित होगा साथ ही पुलिस थानों में 25 प्रतिशत प्रभारी महिलायें होंगी। इसके अलावा महिलाओं को मुफ्त कानूनी सहायता देने के लिये हर जिले में तीन सदस्यीय कानूनी सहायता दल का गठन होगा।


Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play