खेलो इंडिया, जम्मू कश्मीर को विंटर स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में एक कदम : मोदी

27-02-2021 15:18:51
By : Sanjeev Singh


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि खेलो इंडिया विंटर गेम्स केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर को विंटर स्पोर्ट्स हब बनाने तथा यहां एक नया खेल इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मोदी ने दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए खेलो इंडिया विंटर गेम्स के दूसरे सीजन का उदघाटन करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि गुलमर्ग में आयोजित विंटर गेम्स इस बात का साक्षी है कि जम्मू-कश्मीर शांति और विकास की नयी ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए अग्रसर है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन खेल का आयोजन केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर को विंटर स्पोर्ट्स हब बनाने तथा यहां एक नया खेल इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

उन्होंने कहा कि श्रीनगर और जम्मू में दो खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे तथा सभी जिलों में खेलो इंडिया सेंटर स्थापित किए जाएंगे , जहां नवोदित खिलाड़ियों को विभिन्न सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा , “ जब मेरे युवा साथी खेलो इंडिया विंटर गेम्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं, तो याद रखें कि आप सिर्फ एक खेल का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि आप आत्मनिर्भर भारत के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। आप जो काम करते हैं दुनिया उसका मूल्यांकन करती है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले खेलों को केवल पाठ्येतर गतिविधि माना जाता था लेकिन अब यह पाठ्यक्रम का हिस्सा होंगे और खेलों की ग्रेडिंग को भी शिक्षा में गिना जाएगा। इस मौके पर जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे। खेलो इंडिया विंटर गेम्स के दूसरे सीजन में देश के 27 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 1200 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय द्वारा जम्मू कश्मीर स्पोर्ट्स कौंसिल और विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ जम्मू कश्मीर के सहयोग से आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स में स्नो शू रेस, आइस स्केटिंग, आइस हॉकी, स्कीइंग, नॉर्डिक स्की, स्नोबोर्डिंग और स्की माउंटेनियरिंग की प्रतियोगिताएं होंगी।


Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play