सात साल से किसानों का दमन कर रही है मोदी सरकार : सुरजेवाला

26-06-2021 14:42:07
By : Sanjeev Singh


कांग्रेस ने मोदी सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा है कि सात साल से देश के अन्नदाता के साथ पाखंड कर उनका दमन किया जा रहा है उनके अधिकारों का हनन हो रहा है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को यहां जारी बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार कभी किसानों पर लाठी बरसाती है, कभी आँसू गैस छोड़ती है, तो कभी उनकी राहों में कील और काँटे बिछाती है। सड़कों पर सोने को मजबूर किसानों को सरकार कभी आतंकी, कभी खालिस्तानी बताती है। किसानों के साथ कांग्रेस की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों के आज आयोजित प्रदर्शन का समर्थन करती है और अधिकारों की हर लड़ाई में देश के किसान के साथ खड़ी है। उनका कहना था कि सरकार पिछले सात माह से किसानों को प्रताड़ित कर रही है और उन्हें परास्त करने के लिए षडयंत्र कर रही है।

सुरजेवाला ने कहा कि 2014 में मोदी सरकार ने सबसे पहले अध्यादेश के माध्यम से किसानों की जमीन हड़पने की कोशिश की। फिर उन्हें समर्थन मूल्य पर लागत के साथ 50 प्रतिशत मुनाफा देने से इंकार कर दिया। वर्ष 2018 में किसान सम्मान निधि से देश के 14 करोड़ 65 लाख किसानों को वंचित किया।


Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play