प्रियंका ने गन्ना कीमतों को लेकर योगी सरकार पर फिर किया हमला

26-08-2021 14:19:03
By : Sanjeev Singh


कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गन्ना कीमतों को लेकर योगी सरकार पर आज फिर हमला किया और कहा कि भाजपा सरकार गन्ने के दाम नहीं बढ़ाकर किसानों के साथ अन्याय कर रही हैं।

वाड्रा ने ट्वीट किया, “उत्तर प्रदेश में किसानों के लिए बिजली के दाम कई बार बढ़ चुके हैं। डीजल के दाम तो 100 से अधिक बार बढ़ चुके हैं। लेकिन किसान के गन्ने के दाम में 2017 से शून्य रूपये की बढ़ोत्तरी हुई। आखिर किसानों के साथ ये अन्याय क्यों।”

उन्होंने बुधवार को भी योगी सरकार पर गन्ना किसानों के मुद्दे पर हमला करते हुए कहा था कि जहां उत्तर प्रदेश के गन्ना किसान परेशान हैं वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की नीतियों के कारण राज्य का किसान खुशहाल है। पंजाब की कांग्रेस सरकार ने किसानों की बात सुनी और गन्ने के दाम 360 रूपये प्रति क्विंटल किए जबकि उत्तर प्रदेश में गन्ने का 400 रूपये क्विंटल का वादा करके सत्ता में आई उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार ने तीन साल से गन्ने के दाम पर एक फूटी कौड़ी नहीं बढ़ाई है और किसानों द्वारा आवाज उठाने पर ‘देख लेने’ जैसी धमकी देती है।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play