राजीव की कंप्यूटर एवं सूचना क्रांति की सोच ने भारत को विश्व पटल पर मजबूती से खड़ा किया : गहलोत

21-05-2021 12:38:09
By : Sanjeev Singh


राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की कम्प्यूटर एवं सूचना क्रांति की सोच ने भारत को विश्व पटल पर मजबूती से खड़ा किया वहीं वर्तमान वैश्विक महामारी कोरोना से प्रभावी मुकाबले में संचार तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका साबित हो रही है।

गहलोत ने राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि दूरदर्शी सोच के धनी राजीव गांधी ने वर्षों पहले जिस कम्प्यूटर एवं सूचना क्रांति का बीज बोया, आज वह वट वृक्ष बन चुका है। जिसकी जड़ों ने भारत को विश्व पटल पर मजबूती से खड़ा किया है, वर्तमान कोरोना महामारी से प्रभावी मुकाबले में संचार तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका साबित हो रही है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी पी जोशी ने भी राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गांधी को नमन करते हुए कहा कि वह मानव सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहे। उन्होंने कहा कि आज उनके बलिदान दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी संपूर्ण प्रदेश में कोविड सहायतार्थ सामग्री वितरण अभियान चलायेगी।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता एवं आधुनिक सोच के बल पर 21वीं सदी के आधुनिक भारत की आधारशिला रखने वाले राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पायलट ने कहा कि उन्होंने कंप्यूटर एवं संचार क्रांति की नींव रख कर भारत को एक नई दिशा प्रदान की। इस मौके पर चिकित्सा मंत्री डा रघु शर्मा, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चंद्रभान तथा कई कांग्रेस विधायकों एवं अन्य पार्टी के नेताओं ने राजीव गांधी को नमन किया।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play