गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस फायनल रिहर्सल संपन्न

24-01-2022 14:49:08
By : Sanjeev Singh


गणतंत्र दिवस समारोह में निकलने वाली संयुक्‍त परेड का अंतिम अभ्‍यास आज यहां लाल परेड मैदान पर किया गया। विशेष पुलिस महानिदेशक मिलिंद कानस्‍कर ने परेड एवं समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सातवीं बटालियन के प्रधान आरक्षक रामचन्‍द्र सिंह कुशवाहा ने प्र‍तीक स्‍वरूप मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और ध्वजारोहण कर संयुक्‍त परेड की सलामी ली। इसके बाद मुख्‍य अतिथि ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। हर्ष फायर के बीच पुलिस बैण्ड ने उपनिरीक्षक सुनील कटारे के निर्देशन में ‘जन गण मन’ की धुन बजायी। मुख्‍य अतिथि के संदेश का प्रतीक स्‍वरूप वाचन भी किया गया।

हर्ष फायर के बाद पुलिस बैंड की मधुर धुन के बीच आर्कषक संयुक्‍त परेड निकली। परेड का नेतृत्‍व भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी प्रियंका शुक्‍ला ने किया। परेड टू-आई सी. का दायित्‍व सहायक सेनानी पंकज मिश्रा ने निभाया। संयुक्‍त परेड में पुलिस बैंड और श्‍वान दस्‍ता समेत 12 टुकडि़याँ शामिल थीं। इसके पश्‍चात् लोकनृत्‍य की प्रस्‍तुति तथा 18 विभाग की झाँकियों का प्रदर्शन किया गया।

संयुक्‍त परेड में शामिल मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल प्‍लाटून-01 की टुकड़ी का नेतृत्‍व 10 वीं वाहिनी एसएएफ के उप निरीक्षक अभिषेक शर्मा और प्‍लाटून-02 की टुकड़ी का नेतृत्‍व 25 वीं वाहिनी एसएएफ के उप निरीक्षक हेमंत कुमार ने किया। इसी तरह हॉक फोर्स टुकड़ी का नेतृत्‍व उप निरीक्षक गौरव भदौरिया, एसटीएफ टुकड़ी का सुनील पाटीदार, जिला पुलिस बल एवं शासकीय रेल पुलिस (पुरूष) टुकड़ी का उप निरीक्षक शुभम पाण्‍डेय, विशेष सशस्‍त्र बल, जिला बल व शासकीय रेल पुलिस की संयुक्‍त महिला टुकड़ी का उप निरीक्षक भावना शर्मा, मध्यप्रदेश होमगार्ड टुकड़ी का पीसी मनीष यादव, जेल विभाग टुकड़ी का सहायक जेल अधीक्षक सोनम बण्‍डोरे, पुलिस बैंड का निरीक्षक सुनील कटारे एवं श्वान दल का उपनिरीक्षक प्रकाश नारायण शर्मा ने किया।

फुलड्रेस अभ्यास परेड के दौरान विशेष पुलिस महानिदेशक एसएएफ मिलिंद कानस्‍कर सहित एसीएस जीएडी विनोद कुमार, पुलिस कमिश्‍नर मकरंद देउस्‍कर, कलेक्‍टर अविनाश लावानिया सहित अन्‍य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कोविड 19 संक्रमण से बचाव के प्रोटोकाल का पालन करते हुए गौरवशाली गणतंत्र की 72 वीं वर्षगाँठ मध्‍यप्रदेश में भी हर्षोल्‍लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाई जाएगी। मुख्‍य समारोह 26 जनवरी को यहां लाल परेड मैदान में प्रात: 9 बजे से आयोजित किया जाएगा।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play