त्रिपुरा के एकमात्र तृणमूल पार्षद भाजपा में शामिल

01-04-2022 14:55:15
By : Sanjeev Singh


त्रिपुरा में धलाई जिले के अंबासा नगर परिषद से तृणमूल कांग्रेस के एकमात्र नगर परिषद सदस्य सुमन पॉल गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

राज्य में पिछले निकाय चुनावों में भाजपा ने शहरी स्थानीय निकायों की 334 में से 112 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की थी और 2017 ने विपक्ष को हराया था। तृणमूल कांग्रेस और तिप्रा मोथा ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की थी और तीन सीटों पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कब्जा जमाया था। मणिपुर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा की सफलता के बाद राज्य में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों में निराशा है। इनमें से अधिकतर पहले ही कांग्रेस और भाजपा में शामिल हो चुके हैं। पॉल, त्रिपुरा के निर्वाचित निकायों में तृणमूल के एकलौते सदस्य रहे हैं। उनका अचानक इस तरह से भाजपा में शामिल हो जाना ममता बनर्जी के लिए एक तगड़ा झटका है।

पॉल ने भाजपा में शामिल होने के बाद आधिकारिक तौर पर मीडिया से कहा, ''मैंने कई बाधाओं का सामना करते हुए तृणमूल के लिए लड़ा, लेकिन चुनाव हारने के बाद सभी नेता त्रिपुरा से गायब हो गए। चूंकि मेरे इलाके के लोगों ने अपनी भलाई के लिए मुझे वोट दिया था, इसलिए मुझे लगा कि यहां के लोगों की सेवा करने और सरकार की विकास गतिविधियों में भाग लेने के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है।''

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. माणिक साहा ने यहां पार्टी मुख्यालय में सूचना मंत्री सुशांत चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उनका स्वागत किया। बाद में उन्होंने सचिवालय में मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव से मुलाकात की और लोगों के लिए काम करने का संकल्प लिया।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play