योगी और अखिलेश अपनी सीट पर आगे, भाजपा ने बनायी बढ़त

10-03-2022 11:35:55
By : Sanjeev Singh


उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिये गुरुवार को हो रही मतगणना में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित उनके मंत्रिमंडल के अधिकांश सहयोगी मंत्रियों ने बढ़त बना ली है। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी करहल सीट पर आगे चल रहेे हैं।

चुनाव आयोग द्वारा दिन में 11 बजे तक तीन घंटे की मतगणना के बाद 383 सीटों के लिये जारी रुझान के आधार पर भारतीय जनता पार्टी ने 241 सीट पर और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने 107 सीटों पर बढ़त बनायी हुयी है। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार गोरखपुर सदर सीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा की सुभावती शुक्ला से 4464 वोट से बढ़त बनायी हुयी है। वहीं अखिलेश ने मैनपुरी जिले की करहल सीट पर भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल से 13,877 वोट की बढ़त बनायी हुयी है।

योगी सरकार में मंत्री श्रीकांत शर्मा ने मथुरा सीट पर पांचवे दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस के प्रदीप ताथुर से 19,476 वोट से बढ़त बना ली है। जबकि कुशीनगर जिले की फाजिलनगर सीट पर सपा के स्वामी प्रसाद मौर्य भाजपा प्रत्याशी से 7659 वोट से पीछे हो गये हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार और देवरिया सीट से भाजपा उम्मीदवार शलभमणि त्रिपाठी पांच हजार वोट से आगे चल रहे हैं।

रामपुर जिले की स्वार सीट पर सपा प्रत्याशी अब्दुल्ला आजम और भाजपा-अपना दल के प्रत्याशी हमजा मियां के बीच कांटे का मुकाबला चल रहा है। आजम अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हमजा मियां से 700 वोट से पीछे होने के बाद पांचवें दौर की मतगणना में एक बार फिर आगे हो गये हैं। आजम ने हमजा मियां से 4,265 वोट की बढ़त ले ली है। इनके अलावा आगरा ग्रामीण से भाजपा की उम्मीदवार और उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्य सपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रही हैं।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play