विस चुनाव मतगणना के रुझान, कच्चे तेल में गिरावट से शेयर बाजार झूमे

10-03-2022 12:11:27
By : Sanjeev Singh


विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बेहतर प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के बीच स्थानीय शेयर बाजार में तेजड़िया गतिविधियों के जोर से बीएसई सेंसेक्स 1303.94 (2.39 प्रतिशत) बढ़कर 55951.82 पर चल रहा था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के मुख्य सूचकांक में 2.26 प्रतिशत का उछाल था। निफ्टी 50 कल के बंद के मुकाबले 369.50 अंक बढ़कर 16714.85 चल रहा था।

पांच राज्यों की मतगणना में 403 सीटों वाले उत्तर प्रदेश में भाजपा बहुमत के साथ सत्ता में लौटती नजर आ रही है, मणिपुर में इस पार्टी की एकतरफा जीत के आसार है और पार्टी उत्तराखंड में भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। गोवा में कांग्रेस के साथ कांटे के मुकाबले के बीच भाजपा को शुरुआत में बढ़त मिली हुई है। पंजाब की बागडोर पहली बार आम आदमी पार्टी के हाथ में जाने की पूरी संभावना है।

यूक्रेन संकट के बीच उबाल पर चल रहा कच्चे तेल का बाजार आज तेजी से शांत होता दिखा। न्यूयार्क जिंस बाजार में ब्रेंट क्रूड कल के 131.27 डालर प्रति बैरल से टूट कर 114.36 डालर पर बोला जा रहा था।



Comments

Note : Your comments will be first reviewed by our moderators and then will be available to public.

Get it on Google Play